Showing posts with label रात. Show all posts
Showing posts with label रात. Show all posts

Monday, February 25, 2008

रात के साथ...


page-4

जब मैं अपने उन दिनों के बारे में कभी-कभी सोचता हूँ, जब मैं बीमार नहीं था, तो काफी अजीब लगता है... अब तो ये भी लगने लगा है कि जैसे मैं कभी ठीक ही नहीं था, मै बीमार ही पैदा हुआ था और इस बीमारी के साथ ही मर जाऊंगा। पर बीमारी के उन शुरुआती दिनों में कई लोग मुझे देखने आते थे...घर मे मानो शादी सा माहौल बना रहता। धीरे-धीरे लोग आने कम होने लगे... फिर लगभग बंद...। कैसे कोई असामान्य बात अचानक से लोगों के लिए सामान्य होती गई। अब दिन में मैं कभी कभी लोगों को बाहर दिखता हूँ तो लोग आश्चर्य से पूछते- ' अरे आज बाहर कैसे?'।
सीधा चलते-चलते मैं थक गया, किनारे लगने की इच्छा है..।
समुद्र पास है, समुद्र किनारे चलता हूँ।
थकान बढ़्ती ही जा रही है, रुकते ही, ठंडी देह पे गरम पसीना या गरम देह पे ठंडा पसीना,जो भी है, बहते ही एक सीहरन उठा देता है... जो चलते रहने की थकान से ज्यादा असहनीय है।
पर मैं रुका था, अपने सामने पडे मौड़ को देखकर...।
ये शायद हमारे जीते रहने के इतिहास का हिस्सा है, कि मौड़ को दिखते ही, हमारी देह के भीतर, कोने में छुपा हुआ कोई आदमी , उस चमत्कार या आश्चर्य की उत्सुकता को लिए तैयार हो जाता है,जो शायद हमारे इंतज़ार में मोड़ के उस तरफ काफी समय से पड़ी थी। मैंने मुडने के पहले एक लंबी सांस भीतर ली, वो 'चमत्कार के इंतज़ार, वाला आदमी अपनी पूरी उत्सुकता से मेरे साथ चलने लगा। मैं मुडा!!
एक बार फिर वो ही अंधेरी लंम्बी गली, लेम्पोस्ट की रौशनी में,छोटे-छोटे पीले धब्बों में पुती हुई सड़क। अगल बगल के अंधेरे फैले मकानों में, ढैरों सपनों सने, सोते हुए लोग। मैंने 'चमत्कार के इंतज़ार' वाले आदमी को देखना चाहा, पर वो वापिस देह के भीतर के किसी कोने मे दुबक गया था। अगले मोड़ या चमत्कार के इंतज़ार मैं।
अब ये सड़क सीधे समुद्र की और जाएगी 'बांद्रा' । उसके बाद.. पता नहीं उसके बाद क्या?

Saturday, February 23, 2008

रात के साथ...


page-3

अभी तक कोई coffee वाला नहीं दिखा... खार स्टेशन पास ही है.. चाय पी लू जाकर.. नहीं।पीडा को अगर उसकी पूरी सम्पूर्णता से जीना है तो रुकना कायरता होगी।
वैसे मुझे़ इस शहर की ये सड़क काफी़ अच्छी लगती है... कोई ठोस कारण नहीं... बस.. एक बार मैं देर रात, फ़िल्म देखने के बाद, कुछ दूर तक, अपना रिक्शे का किराया बचाने के इरादे से पैदल चल रहा था... ये शायद मेरी बीमारी के शुरुआती दिन थे...थकान काफी हो रही थी, तभी मुझे सामने के बस स्टाप पर एक लड्की खडी दिखी,वो रिक्शे में बैठे आदमी से बहस कर रही थी... रात में, इस शहर में इस तरह की गतिविधी का में आदि हो चुका था। जैसे ही मैं पास पहु़चा उस लड़की की निगाह मुझसे मिल गई, में कुछ झेंप सा गया, और ये मेरी गलती थी। सभ्य समाज का तमगा जो हम सब ऎसे समय अपने मूंह पे चिपका लेते है, मैं भी चिपका चुका था। लड़की ने तुरंत अपनी आँखे नीचे कर ली... शायद वो इस धंधे में अभी नई थी, इसलिये उसने अभी तक लज्जा का रुमाल अपनी उगंलियों दबाए रखा था। ये मेरी ही गलती थी... मैं ही वो तमगा अपने चेहरे से जल्दी हटा न सका...फिर देर हो गई और मैं उसे हटा भी नहीं पाया...। मुझसे निगाह मिलते ही, वो अपने ग्राहक से बहस करते-करते चुप हो गई थी। मैं अब उस बस स्टाप को क्रास कर रहा था...उसे देखते हुए। पर उसकी आँखे नीचे थी, शायद वो अपने लज्जा के रुमाल को ताक रही थी। वो चुप थी, रिक्शे में बैठा आदमी अभी भी ऊचें स्वर में बोले जा रहा था। मैं शायद अभी भी सिर्फ इसीलिये उसे देख रहा था कि माफी मांग सकूं... पता नहीं।
अचानक उसकी आँखे मुझसे मिली, मुझे लगा वो अपनी निगाह तुरंत हटा लेगी पर नहीं... वो मुझे देखती रही, मैं अपनी निगाह हटाना चाहता था, पर लाख कोशिश के बाद भी मैं हटा नहीं पाया। मैं उस बस स्टाप को, उस रिक्शे को, उस लड़की को क्रास कर रहा था... मुझे लगा मैं एक घंटे से उसे क्रास ही कर रहा हूँ, पर क्रास नहीं कर पा रहा हूँ। अंत में मैं वहां से आगे निकल आया। पर उस लड़की की आँखे अभी तक मैं भूला नहीं हूँ, या शायद सभ्य समाज का तमगा दिखाने का गुस्सा है... जो वो निगाह याद रह गई।
इसिलिये जब भी में इस सड़क पे चलता हूँ... मुझे वो लडकी, उसकी आँखे... और अभी तक ज़िदा मेरी माफ मांगने की इच्छा, सब याद आ जाते हैं।और ये सड़क मुझे, इस शहर की बाक़ी सड़को की बजाए, थोड़ी ज्यादा अपनी लगने लगती है।
खैर वो बस स्टाप जिसपे वो लड़की खडी थी, अभी खाली पड़ा है। इच्छा थी यहां थोडी देर बैठ जाऊ... पर अगर मैं बैठ गया तो उठ नहीं पाऊगां, सो मैं उस लडकी की निगाह साथ में लिये आगे चल दिया।...

Wednesday, February 20, 2008

रात के साथ...



page-2

जब घर से चला था तब सोचा नहीं था कि यंहा तक आ सकूंगा... करीब एक घंटा तो हो ही गया है चलते चलते...
इस बिमारी ने नौकरी भी छुडा ली..निकाल दिया गया की बजाय मैं, छोड दिया जाना ज़्यादा पसंद करता हूँ...। पता नहीं कब ठीक होऊंगा... और कब नई नौकरी लगेगी.... कुछ पैसे बचाए थे इतने सालों की नौकरी के, वो भी ये बीमारी ख़ा गयी....। अब उस तस्वीर का क्या करू जो मैंने, अपनी नौकरी करने के दौरांन बनाई थी... कुछ सालों में यह हो जाएगा... फिर वो हो जाएगा...।
मैंने स्कूल-कालेज में पढते हुए सोचा था कि मैं कुछ यायावर सी ज़िन्दगी बिताऊगा...पर बहुत अलग होते हुए भी मैंने एक पगड्डीं पकड ली, पगड्डीं धीरे धीरे सीधी चौडी सडक मैं जाकर मिल गई... मैं इक ढर्रे का हिस्सा बन गया... बिना जाने।
मैं कभी कभी अपनी उन जी जा सकने वाली.. जिद्दों के बारे में सोच रहा होता हूँ... जिन्हें काफी समय तक मैने अपनी जेंबों में रखकर घूमा था... कहा गई वो?, क्या हूआ उनका...?.. हमेशा उनके बारे में सोचकर मुझे अच्छा लगता हैं... मैं कभी एसा जी सकता था:-)..

Wednesday, February 13, 2008

रात के साथ...


page-1

वजह ढूढ्ते-ढूढ्ते जब मैं थक गया तब... बेवजह घर से निकल पडा...। नींद थी जो बिस्तर पर जाते ही गायब हो जाती थी..पर बिस्तर से निकलते ही वो नींद मुझे पूरे शरीर में, शरीर के हर अंगों में कायम सी जान पडती..। 'पीडा'- इस शब्द को मैं उसकी सम्पूर्णता के साथ जीना चाह रहा था। इस लिये विरूद्द चल रहा था, बीमारी के, जो अब महीनो से साथ थी,घर के और अपनो की हिदायत के...। कभी सडक के इस तरफ चलता कभी सडक के उस तरफ..।
भीतर सब ख़ाली है, सब ख़ोखला सा, अंधकार... सो मैं उजाले की तरफ जाना चाहता हूँ...सडक उजली है, इस शहर में देर रात भी सब उजला रहता हैं.. कुछ चहरे सडक के उजाले में दीख जाते हैं.. रिक्शा बगल से गुज़रता है हसीं सुनाई दे जाती है..सडक के दूसरी तरफ दो लोग 'दुनिया बदल दूगा' - सी आवाज़ में, सामान्य बाते करते जा रहे थे। ये सब एक द्रृश्य जैसा था जिसका में दर्शक था...।दर्शक अग़र बीमार हो, तो उसे हर 'स्वस्थ' नाटक ही लगता है।
हम कितने ही एक दूसरे से अलग क्यों न हो, हम सब के पास गिन-चुन कर ८ या १० दुख है,पीडा है।जिन्हें अदल बदल कर हम जीते रह्ते है.। ये खेल जैसा भी हो जाता है... जिसकी आदत किसी नशे से कम नहीं है।
लगातार इन अजीब से विचारो के कारण ही मैं घर से निकला था,पर ये विचार थमने का नाम ही नहीं ले रहे हैं।अब क्या सोच रहा हूँ? क्यों सोच रहा हूँ?...मैं घर के विरुद्द भी इस लिये चल रहा था कि थक जाऊ.. इतना कि 'सांस लेना हैं' के सिवाय और कूछ भी याद न रहें।पसीना निकले इतना कि उसमे सब बह जाए... सब कुछ.. आंसु,बिमारी, विचार, मैं.. ।बिमारी का पसीना बह रहा था... दुख के आंसू जो पता नहीं शरीर में कहा फसे हुए थे, काश इस पसीने में बह जाते.. सालो की कैद से आज़ाद हो जाते..।
चक्कर आ रहा है.. बैठ जाता हूँ। घर बंद करके आया हूँ.. चाबी जेब में है.. पैसे?.. पैसे २० रू .. बस बीस रूपये.. अब अगर चाहूँ भी तो रिक्शे से घर नहीं जा सकता... यहां से मेरे घर का करीब चालीस रूपये होता है... night charge अलग। वापिस चलना शरू करता हूँ...खडे होने की भी हिम्मत नहीं है.. थोडी देर बैठा रहता हूँ..। ये झुरझुरी... ये सिहरन... बैठते ही जैसे इन्होने मुझे घैर लिया हो पूरी तरह..।
बैठना संभव नही है.. चलना ही पडेगा.. पर घर नहीं आगे... पता नहीं कब तक.. शायद जब तक गिर न जाऊ तब तक...

LinkWithin

Related Posts with Thumbnails

मानव

मानव

परिचय

My photo
मेरा कोई स्वार्थ नहीं, न किसी से बैर, न मित्रता। प्रत्येक 'तुम्हारे' के लिए, हर 'उसकी' सेवा करता। मैं हूँ जैसे- चौराहे के किनारे पेड़ के तने से उदासीन वैज्ञानिक सा लेटर-बाक्स लटका। -विपिन कुमार अग्रवाल