Friday, February 22, 2008

अंतिमा...

मैंने अपने उपन्यास में कहीं लिखा है..

'बचपन के खेल से लेकर बडे़ होने के दुख तक'

...उपन्यास की reading के दौरांन मैंने ये वाक्य पढा और पता नहीं क्या हुआ, मैं आगे बढ ही नहीं पाया ...मैं रुक गया..मैंने इसे फिर पढा़... और मैं चुप हो गया। कुछ साल पहले लिखे इस वाक्य ने जैसे मुझे झंझोड के रख दिया।फिर मुझे अचानक अपनी लिखी कविता का एक वाक्य याद आ गया...


कुछ चेहरे थे, जो इसीलिये धुंध में ख़ो गये थे, कि हम बडे हो सकें,
और हम बडे होते गये।


मैं काफ़ी देर तक चुप रहा, मुझसे आगे उपन्यास नहीं पढा जा रहा था।
पर मैं पढता गया...

Thursday, February 21, 2008

शब्द संगीत...


किसी ने कहा है- 'रंगमंच की शुरुआत, शायद किसी आदमी के पहली बार, कविता पढने से ही हुई होगी।'

फाँक्नर ने कहीं लिखा है कि- 'हर लेखक शुरु में कविताएँ लिखने की कोशिश करता है, जब वो उसमें असफल होता है, तो कहानियाँ लिखता है, उसमें असफल होने पर उपन्यास...।'
मुझे एसा लगता है... हर आदमी अपने जीवन की पहली कविता, अपने पहले प्रेम की तरह- अंत तक याद रखता है।

अब इसमें ये प्रश्न भी पूछा जाता है कि- 'कविता क्या है?' ये पूछना वैसा ही है, जैसे ये पूछना कि संगीत क्या है।...अपने पूरे एकांत में हम जैसा संगीत सुनने की इच्छा रखते हैं.... शायद वो ही हमारा संगीत हैं... और वैसी ही कविता।

'कहने की आज़ादी'- होने के बावजूद भी...'कुछ जिया हुआ'.. 'महसूस किया हुआ'- जो हमारे लिए बहुत मह्त्वपूर्ण होता है... पर हम उसे किसी से कभी कह नहीं पाते...कविता शायद ऎसे ही एकांत को 'शब्द' देती है।

अन्तिमा

बहुत समय हो गया उपन्यास वहीं पे है... रुका हुआ। 'उपन्यास की अपनी नि्यति है...'- ऎसा कुछ सोच लेता हूँ, 'जब नहीं लिख रहा हूँ'.. का गिल्ट होता है...।वो कोई और है, जो उपन्यास लिखता है...कोई और है, जो नाटक, कविताएँ या कहानी लिख रहा होता है....। जो अभी तक उपन्यास लिख रहा था, वो लिखने के पहाड की चोटी पर नहीं है, इस चोटी पे इस वक्त कहानी लिखने वाला बैठा है.....उपन्यास लिखने वाला नीचे,..पहाड के गहरे अंधेरे में..... अंधेरे की बहती नदी में, अपना चहरा धोने गया है...:-)..

Wednesday, February 20, 2008

रात के साथ...



page-2

जब घर से चला था तब सोचा नहीं था कि यंहा तक आ सकूंगा... करीब एक घंटा तो हो ही गया है चलते चलते...
इस बिमारी ने नौकरी भी छुडा ली..निकाल दिया गया की बजाय मैं, छोड दिया जाना ज़्यादा पसंद करता हूँ...। पता नहीं कब ठीक होऊंगा... और कब नई नौकरी लगेगी.... कुछ पैसे बचाए थे इतने सालों की नौकरी के, वो भी ये बीमारी ख़ा गयी....। अब उस तस्वीर का क्या करू जो मैंने, अपनी नौकरी करने के दौरांन बनाई थी... कुछ सालों में यह हो जाएगा... फिर वो हो जाएगा...।
मैंने स्कूल-कालेज में पढते हुए सोचा था कि मैं कुछ यायावर सी ज़िन्दगी बिताऊगा...पर बहुत अलग होते हुए भी मैंने एक पगड्डीं पकड ली, पगड्डीं धीरे धीरे सीधी चौडी सडक मैं जाकर मिल गई... मैं इक ढर्रे का हिस्सा बन गया... बिना जाने।
मैं कभी कभी अपनी उन जी जा सकने वाली.. जिद्दों के बारे में सोच रहा होता हूँ... जिन्हें काफी समय तक मैने अपनी जेंबों में रखकर घूमा था... कहा गई वो?, क्या हूआ उनका...?.. हमेशा उनके बारे में सोचकर मुझे अच्छा लगता हैं... मैं कभी एसा जी सकता था:-)..

Wednesday, February 13, 2008

रात के साथ...


page-1

वजह ढूढ्ते-ढूढ्ते जब मैं थक गया तब... बेवजह घर से निकल पडा...। नींद थी जो बिस्तर पर जाते ही गायब हो जाती थी..पर बिस्तर से निकलते ही वो नींद मुझे पूरे शरीर में, शरीर के हर अंगों में कायम सी जान पडती..। 'पीडा'- इस शब्द को मैं उसकी सम्पूर्णता के साथ जीना चाह रहा था। इस लिये विरूद्द चल रहा था, बीमारी के, जो अब महीनो से साथ थी,घर के और अपनो की हिदायत के...। कभी सडक के इस तरफ चलता कभी सडक के उस तरफ..।
भीतर सब ख़ाली है, सब ख़ोखला सा, अंधकार... सो मैं उजाले की तरफ जाना चाहता हूँ...सडक उजली है, इस शहर में देर रात भी सब उजला रहता हैं.. कुछ चहरे सडक के उजाले में दीख जाते हैं.. रिक्शा बगल से गुज़रता है हसीं सुनाई दे जाती है..सडक के दूसरी तरफ दो लोग 'दुनिया बदल दूगा' - सी आवाज़ में, सामान्य बाते करते जा रहे थे। ये सब एक द्रृश्य जैसा था जिसका में दर्शक था...।दर्शक अग़र बीमार हो, तो उसे हर 'स्वस्थ' नाटक ही लगता है।
हम कितने ही एक दूसरे से अलग क्यों न हो, हम सब के पास गिन-चुन कर ८ या १० दुख है,पीडा है।जिन्हें अदल बदल कर हम जीते रह्ते है.। ये खेल जैसा भी हो जाता है... जिसकी आदत किसी नशे से कम नहीं है।
लगातार इन अजीब से विचारो के कारण ही मैं घर से निकला था,पर ये विचार थमने का नाम ही नहीं ले रहे हैं।अब क्या सोच रहा हूँ? क्यों सोच रहा हूँ?...मैं घर के विरुद्द भी इस लिये चल रहा था कि थक जाऊ.. इतना कि 'सांस लेना हैं' के सिवाय और कूछ भी याद न रहें।पसीना निकले इतना कि उसमे सब बह जाए... सब कुछ.. आंसु,बिमारी, विचार, मैं.. ।बिमारी का पसीना बह रहा था... दुख के आंसू जो पता नहीं शरीर में कहा फसे हुए थे, काश इस पसीने में बह जाते.. सालो की कैद से आज़ाद हो जाते..।
चक्कर आ रहा है.. बैठ जाता हूँ। घर बंद करके आया हूँ.. चाबी जेब में है.. पैसे?.. पैसे २० रू .. बस बीस रूपये.. अब अगर चाहूँ भी तो रिक्शे से घर नहीं जा सकता... यहां से मेरे घर का करीब चालीस रूपये होता है... night charge अलग। वापिस चलना शरू करता हूँ...खडे होने की भी हिम्मत नहीं है.. थोडी देर बैठा रहता हूँ..। ये झुरझुरी... ये सिहरन... बैठते ही जैसे इन्होने मुझे घैर लिया हो पूरी तरह..।
बैठना संभव नही है.. चलना ही पडेगा.. पर घर नहीं आगे... पता नहीं कब तक.. शायद जब तक गिर न जाऊ तब तक...

Tuesday, February 12, 2008

अपने से...




'नया जीना है, भीतर से इच्छा काफ़ी तेज़ हैं... पर पुरान कचरा इतना भरा पड़ा है, कि उसे बुहारने में इतना समय खर्च हो जाता है कि जब कमरा साफ़ हो जाता है तो जीना भूल जाता हूँ।'


'सर्दियाँ उन सभी बातों की ठंड़ करीब लाती है, जिन बातों को भुलाने के लिये मैंने पसीने बहाएं हैं।'

'मैं कभी-कभी उस वजह के बारे में सोचता हूँ जिसकी वजह से हम बाहर चले जाते है। अपने से, घर से, शहर से...। शायद हम अपने को ही.. खुद को ही थोडा दूर जाकर देखने की कोशिश कर रहे होते हैं'

अपने से...



उगलियां नहीं चल रहीं हैं।हाथ किसी दोग्लेपन की वज़ह से साथ छोड़ रहे हैं।
जब तबियत खराब जैसी होती हैं-तो पेन और डायरी ढूढ्ने की तलाश- तबियत

ठीक कर देती हैं। दिमाग़ लिख़ने की पीड़ा से भटक जाता हैं।
अब सोचता हूँ.. कि अब नया क्या लिखूँगां... या कैसा लिखूँगा? बहुत सी
images हैं.. पर इच्छा है कि-- मैं तीसरी बात कहूँ.. पर पहली बात पर रहकर ही।जब
नदी- की जैसी बात कर रहा हूँ तो रेगिस्तान में खड़ा हूँ... जब पीड़ा की बात करु तो...
हसतें हसतें आँखों में पानी आ जाएं...।

अब पहला सीन क्या होगा, पहला पाञ, पहली बार मंच पर आकर पहला शब्द क्या कहेगा,

फिर उस शब्द का पहला वाक्य क्या होगा।'नींद... नींद आ रही हैं'...हाँ ये ठीक है..' और फणिश्वर नाथ रेणु पानी लेकर आते हैं'... क्या.. क्या.. shut up.. :-).

LinkWithin

Related Posts with Thumbnails

मानव

मानव

परिचय

My photo
मेरा कोई स्वार्थ नहीं, न किसी से बैर, न मित्रता। प्रत्येक 'तुम्हारे' के लिए, हर 'उसकी' सेवा करता। मैं हूँ जैसे- चौराहे के किनारे पेड़ के तने से उदासीन वैज्ञानिक सा लेटर-बाक्स लटका। -विपिन कुमार अग्रवाल